संविधान के निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती पर निकाला गया शोभायात्रा जुलूस

मुहम्मदाबाद संविधान निर्माता, दलितों के मसीहा और सामाजिक समरसता के प्रतीक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के शुभ अवसर पर सोमवार को मुहम्मदाबाद नगर नीली रोशनी और “जय भीम” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर नगर के जफरपुरा, सलेमपुर, दाऊदपुर इत्यादि जगहों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने नगरवासियों को सामाजिक समता, बंधुता और न्याय का संदेश दिया।
यह शोभायात्रा दोपहर से ही आरंभ होकर तहसील गोलंबर, बिठ्ठल चौराहा, फाटक, लाठी मोड़ और डॉक्टर अंसारी रोड होते हुए शाम तक पुनः अपने अपने स्थान को रवाना हुई
जुलूस में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। जगह-जगह झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों को दर्शाया गया था। कुछ जगहों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर अपनी टीम के साथ पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहे। शोभायात्रा शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई।